सीबीआई ने रिश्वत में सोने के सिक्के मांगने वाले आईआरएस अधिकारी पर मामला दर्ज किया
सीबीआई ने रिश्वत में सोने के सिक्के मांगने वाले आईआरएस अधिकारी पर मामला दर्ज किया
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक कारोबारी की आभूषण कंपनी के बैंक खातों को ‘डीफ्रीज’ कराने के बदले रिश्वत के तौर पर 250 ग्राम सोने के सिक्के मांगने के आरोप में सीमा शुल्क विभाग के एक उपायुक्त के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सोमवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्राथमिकी में सीबीआई ने 2014 बैच के आईआरएस अधिकारी विकास पाल, जो उस समय चेन्नई में तैनात थे, और उनके कथित सहयोगी मोहम्मद सबाहुद्दीन को इस मामले में नामजद किया है।
सीबीआई ने 2021 में आलय ज्वेल इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक एस श्रीगंथ द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई की, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि पाल ने कथित तौर पर अपने प्रतिनिधि सबाहुद्दीन के माध्यम से ‘उनकी कंपनी के बैंक खातों को डीफ्रीज कराने के बदले’ सोने के सिक्कों की मांग की थी। पाल वर्तमान में केंद्रीय जीएसटी नोएडा (अपील) के उपायुक्त के पद पर तैनात हैं।
पाल को भेजे गए ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला।
प्राथमिकी के अनुसार, सबाहुद्दीन, जो स्वयं जीएसटी डिफॉल्टर था, ने कथित तौर पर श्रीगंथ को सोने के सिक्कों की उक्त अवैध मांग को पूरा करने के संबंध में तीन बार फोन किया था।
सीमा शुल्क सतर्कता महानिदेशालय (डीजीओवी) ने आरोपों के समर्थन में पर्याप्त पुख्ता सबूत होने पर मामले को सीबीआई को सौंप दिया।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


