संदेशखालि में ईडी अफसरों पर हमले के मामले में सीबीआई ने शाहजहां के भाई को तलब किया

संदेशखालि में ईडी अफसरों पर हमले के मामले में सीबीआई ने शाहजहां के भाई को तलब किया

संदेशखालि में ईडी अफसरों पर हमले के मामले में सीबीआई ने शाहजहां के भाई को तलब किया
Modified Date: March 13, 2024 / 09:33 pm IST
Published Date: March 13, 2024 9:33 pm IST

कोलकाता, 13 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में 5 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर भीड़ के हमले के संबंध में सीबीआई ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के निलंबित नेता शाहजहां शेख के भाई और उनके कुछ करीबी अन्य लोगों को पूछताछ के लिए तलब किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सीबीआई की एक टीम उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि गई और स्थानीय पुलिस की मदद से शाहजहां के भाई आलमगीर शेख के घर पहुंची।

अधिकारियों ने बताया कि आलमगीर घर पर मौजूद नहीं था और पूछताछ के लिए नोटिस उसके परिवार को दे दिया गया है।

नोटिस शाहजहां के करीबी माने जाने वाले कुछ अन्य लोगों को भी भेजा गया है। शेख को पिछले महीने राज्य पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा मामला सीबीआई को स्थानांतरित कर दिया गया था।

एक अन्य स्थानीय पंचायत नेता के परिवार के सदस्य, जिन्हें नोटिस भेजा गया था, ने इसे प्राप्त होने की पुष्टि की।

अधिकारियों ने बताया कि जांच एजेंसी जांच के तहत कई लोगों से पूछताछ करना चाहती है।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई अधिकारियों ने फॉरेंसिक और ईडी अधिकारियों के साथ मिलकर इलाके में ईडी टीम पर हमले की जांच के सिलसिले में आठ मार्च को संदेशखालि में शाहजहां शेख के आवास की तलाशी ली।

मंगलवार को, सीबीआई ने बशीरहाट की एक उप-विभागीय अदालत से तीन अन्य लोगों के साथ शाहजहां शेख की 10 दिनों की रिमांड हासिल की।

भाषा प्रशांत माधव

माधव


लेखक के बारे में