नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने रविवार को उन छात्रों के लिए पुनर्मूल्यांकन परिणाम घोषित किया जिन्होंने अपनी 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था।
सीबीएसई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सीबीएसई ने कक्षा 12 के लिए सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के नतीजे जारी करना शुरू कर दिया है।’’
इसने कहा, ‘‘नतीजे चरणबद्ध तरीके से जारी किए जा रहे हैं और आज कुल प्राप्त आवेदनों में से 87 प्रतिशत से अधिक के नतीजे घोषित कर दिए गए। बाकी आवेदनों के नतीजे भी चरणों में उपलब्ध होंगे और उम्मीद है कि पूरी प्रक्रिया जल्द ही पूरी हो जाएगी।’’
छात्र अपने ‘लॉगिन क्रेडेंशियल्स’ का इस्तेमाल करके सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने अद्यतन अंक देख सकते हैं।
प्रवेश और अन्य शैक्षिक उद्देश्यों के लिए अपने संशोधित अंकों का इंतज़ार कर रहे छात्रों की बेचैनी के बीच पुनर्मूल्यांकन के नतीजे घोषित किए गए हैं।
बोर्ड के नतीजे घोषित होने के बाद, सीबीएसई ने अंकों के सत्यापन, जांची गई उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी लेने और पुनर्मूलांकन के लिए ‘विंडो’ खोली थी।
हाल ही में बोर्ड तब विवादों में घिर गया था, जब 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने दावा किया कि सीबीएसई द्वारा अपलोड की गई उनकी उत्तर पुस्तिका की स्कैन की गई कॉपी उनकी लिखावट से मेल नहीं खातीं, जिससे ओएसएम प्रणाली में गड़बड़ी की आशंका पैदा हो गई।
भाषा
नेत्रपाल नरेश
नरेश