पुलिस थानों में सीसीटीवी: मामला सही दिशा में आगे बढ़ रहा है-न्यायालय

Ads

पुलिस थानों में सीसीटीवी: मामला सही दिशा में आगे बढ़ रहा है-न्यायालय

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 05:21 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 05:21 PM IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को कहा कि देशभर के पुलिस थानों में सीसीटीवी लगाने से जुड़ा मामला सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें काफी प्रगति हुई है।

इस मामले में उच्चतम न्यायालय की न्याय मित्र के रूप में सहायता कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ को बताया कि इस दिशा में काफी प्रगति हुई है।

पीठ ने कहा, ‘‘यह संतोष की बात है कि इस मामले में चीजें बहुत बेहतर तरीके से आगे बढ़ रही हैं और इसके लिए हमें दवे को उनके प्रयासों के लिए श्रेय देना चाहिए।’’

इसने कहा कि पिछले कुछ महीनों में चीजें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ी हैं।

उच्चतम न्यायालय पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरों की कमी से जुड़े मामले पर स्वतः संज्ञान लेकर सुनवाई कर रहा था।

सुनवाई के दौरान पीठ ने दो मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जिनमें पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए वित्त पोषण योजना का विस्तार और लगाए गए कैमरों का रखरखाव शामिल हैं।

केंद्र सरकार की ओर से पेश विधि अधिकारी ने कहा कि वह इन पहलुओं पर निर्देश प्राप्त करेंगे।

शीर्ष अदालत ने विधि अधिकारी को निर्देश लेने के लिए दो सप्ताह का समय दिया और मामले को सुनवाई के लिए पांच अगस्त को सूचीबद्ध कर दिया।

उच्चतम न्यायालय को 13 मई को बताया गया था कि ज्यादातर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के संबंध में सही दिशा में पर्याप्त कार्य किए जा रहे हैं।

इससे पहले राज्यों द्वारा सीसीटीवी कैमरों की स्थापना के लिए धन के उपयोग से संबंधित मुद्दा अदालत के समक्ष उठाया गया था।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश