केंद्र सरकार का 2029-30 तक छह करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य: केंद्रीय मंत्री चौहान
केंद्र सरकार का 2029-30 तक छह करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी' बनाने का लक्ष्य: केंद्रीय मंत्री चौहान
हैदराबाद, 21 फरवरी (भाषा) केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 2029-30 तक छह करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य हासिल करने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2027 के अंत तक तीन करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया था, वह ग्रामीण विकास मंत्रालय की टीम, बैंकों और राज्य सरकारों के सहयोग से 2025 तक ही हासिल कर लिया गया था।
चौहान, यहां दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई-एनआरएलएम) के तहत केंद्रीय स्तरीय समन्वय समिति (सीएलसीसी) की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने व्याख्या करते हुए कहा कि ‘लखपति दीदी’ उस महिला को कहते हैं, जिसकी वार्षिक शुद्ध आय एक लाख रुपये या उससे अधिक है।
मौजूदा समय में 3.01 करोड़ महिलाओं ने यह उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, “अब प्रधानमंत्री ने लक्ष्य संशोधित किया है। उन्होंने (मोदी ने) कहा है कि अब हमें छह करोड़ महिलाओं को (लखपति दीदी) बनाना हैं। 10 करोड़ बहनें स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) में शामिल हो चुकी हैं। हमने इसके लिए एक रूपरेखा तैयार की है।”
चौहान ने बताया कि तीन करोड़ ‘लखपति दीदी’ का लक्ष्य हासिल करना अपेक्षाकृत आसान था क्योंकि कई महिलाओं की आय 50,000 रुपये से 60,000 रुपये के बीच थी।
उन्होंने कहा कि लेकिन कम आय वाली महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए अधिक प्रयास करने होंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “हम 2029-30 तक इस लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करेंगे। यह पहले की तुलना में कठिन है।”
चौहान ने कहा कि सरकार उन महिलाओं को समूहों में शामिल करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू करेगी जो अभी तक स्वयं सहायता समूहों का हिस्सा नहीं हैं।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


