केंद्र ने शिक्षा के लिए 3,200 करोड़ रु से अधिक जारी किये, आप सरकार पूरा श्रेय ले रही: बिट्टू

केंद्र ने शिक्षा के लिए 3,200 करोड़ रु से अधिक जारी किये, आप सरकार पूरा श्रेय ले रही: बिट्टू

केंद्र ने शिक्षा के लिए 3,200 करोड़ रु से अधिक जारी किये, आप सरकार पूरा श्रेय ले रही: बिट्टू
Modified Date: August 2, 2026 / 09:00 pm IST
Published Date: August 2, 2026 9:00 pm IST

चंडीगढ़, दो अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने रविवार को आरोप लगाया कि पिछले चार वित्तीय वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा प्रमुख शिक्षा योजनाओं के तहत पंजाब को 3,205 करोड़ रुपये जारी किए जाने के बावजूद आम आदमी पार्टी (आप) सरकार विद्यालयों के उद्घाटन को राजनीतिक प्रचार का माध्यम बना रही है।

बिट्टू का यह बयान ऐसे दिन आया, जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना में दो नये ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ का उद्घाटन किया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने कहा कि केंद्र सरकार ने समग्र शिक्षा, पीएम श्री स्कूल, पीएम पोषण, उल्लास और पीएम-उषा जैसी प्रमुख योजनाओं के माध्यम से लगातार पंजाब का सहयोग किया है।

उन्होंने कहा कि केवल समग्र शिक्षा योजना के तहत ही इस अवधि में 2,200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से विद्यालयों के बुनियादी ढांचे, प्रयोगशालाओं, डिजिटल शिक्षा, शिक्षकों के प्रशिक्षण, विद्यार्थियों के पोषण और समग्र शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है।

बिट्टू ने कहा, ‘‘मुद्दा यह नहीं है कि फीता कौन काटता है। मुद्दा यह है कि संसाधन किसने उपलब्ध कराए। मोदी सरकार ने पंजाब की शिक्षा पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जबकि ‘आप’ सरकार हर उद्घाटन को राजनीतिक प्रचार में बदलने की कोशिश कर रही है।’’

उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार से लगातार पर्याप्त वित्तीय सहायता मिल रही है तो पंजाब सरकार द्वारा शुरू की जा रही हर शैक्षणिक सुविधा को केवल राज्य सरकार की उपलब्धि के रूप में पेश नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को विद्यालयों का उद्घाटन करने का पूरा अधिकार है, लेकिन उन्हें भारत के करदाताओं और मोदी सरकार के योगदान को नजरअंदाज करने का अधिकार नहीं है। जनता राजनीतिक प्रचार नहीं, बल्कि पारदर्शिता की हकदार है।’’

बिट्टू ने कहा कि आप सरकार के लगातार राजनीतिक हमलों के बावजूद मोदी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत पंजाब को धनराशि देना जारी रखा है।

उन्होंने सवाल किया कि रविवार को जिन शैक्षणिक ढांचों का उद्घाटन किया गया, उनमें से कितने को केंद्र की योजनाओं के तहत उपलब्ध वित्तीय सहायता का लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि भाजपा हर नए स्कूल, हर नए कक्षा-कक्ष और शिक्षा के क्षेत्र में होने वाले हर निवेश का स्वागत करती है, क्योंकि इससे पंजाब के बच्चों का हित जुड़ा है। उन्होंने कहा कि हालांकि, सार्वजनिक धन का इस्तेमाल कभी भी राजनीतिक प्रचार के साधन के रूप में नहीं किया जाना चाहिए।

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में