पुडुचेरी, सात अप्रैल (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता आर. शिवा ने विल्लियनूर विधानसभा क्षेत्र में अपने चुनाव प्रचार के दौरान पुडुचेरी को राज्य का दर्जा देने, युवाओं के लिए रोजगार, टाइडल पार्क और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने जैसे कई आश्वासन दिए। वह इस सीट से इस बार भी चुनाव लड़ रहे हैं।
शिवा ने पीटीआई-भाषा से बात करते हुए आरोप लगाया, ‘एएनआरसी-भाजपा सरकार ने पिछले पांच वर्षों में सबसे खराब शासन किया है।’
शिवा ने दावा किया, ‘पुडुचेरी की जनता निर्वाचित प्रतिनिधियों का शासन चाहती है। हालांकि, पिछले 10 वर्षों में हमने यहां पूरी तरह से हस्तक्षेप देखा है। उपराज्यपाल, मुख्य सचिव और केंद्रीय गृह मंत्रालय ही पुडुचेरी पर शासन करते हैं; वे पुडुचेरी को एक गिनी पिग और केंद्र सरकार के कानूनों/नियमों के लिए एक प्रयोगशाला के रूप में इस्तेमाल करते हैं।’
चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने लोगों के लिए बेहतर सुविधाओं का आश्वासन दिया।
विल्लियनूर में मुकाबला द्रमुक के शिवा और सत्तारूढ़ ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) के उम्मीदवार रविकुमार के बीच है, हालांकि 10 अन्य उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
सत्तारूढ़ एआईएनआरसी 30 विधानसभा सीट में से 16 सीट पर चुनाव लड़ रही है, उसकी सहयोगी भाजपा 10 सीट पर, और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) और एलजेके दो-दो सीट पर चुनाव लड़ रही हैं।
भाषा तान्या जोहेब
जोहेब