उप्र : सरकारी गेहूँ खरीद केंद्र के प्रभारी को निलंबित करने की सिफारिश

Ads

उप्र : सरकारी गेहूँ खरीद केंद्र के प्रभारी को निलंबित करने की सिफारिश

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 03:53 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 03:53 PM IST

शाहजहांपुर (उप्र), सात अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिला प्रशासन ने सरकारी गेहूं खरीद केंद्र के बाहर से गेहूं खरीदे जाने के बाद यहां के एक सरकारी खरीद केंद्र के प्रभारी को निलंबित करने की सिफारिश की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्रा ने मंगलवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि शहर में स्थित ‘मंडी परिसर’ के भीतर एक गेहूं खरीद केंद्र स्थापित किया गया है।

मिश्रा ने बताया कि सोमवार देर रात, ददरौल विधानसभा क्षेत्र (शाहजहांपुर जिले में) के भाजपा विधायक अरविंद कुमार सिंह ने वहां का दौरा किया और देखा कि खरीद केंद्र वीरान पड़ा था, जबकि परिसर के बाहर गेहूं की खरीद बिक्री की जा रही थी।

मिश्रा ने कहा कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली, वह मौके पर पहुंचे और निर्धारित केंद्र के बाहर गेहूं की खरीद देखी।

उन्होंने वहां से 180 क्विंटल गेहूं बरामद किया, जबकि अनाज की पैकेजिंग के लिए सरकार द्वारा जारी बैग का उपयोग किया जा रहा था। एडीएम (प्रशासन) ने आगे बताया कि घटना के संबंध में एक व्यापक जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह को सौंप दी गई है ।

उन्होंने बताया कि इस रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने गेहूं खरीद केंद्र के प्रभारी त्रिपुरेश त्रिपाठी को निलंबित करने की सिफारिश की है ।

एक स्थानीय व्यापारी ने नाम न छापने का अनुरोध करते हुए कहा कि गेहूं के लिए सरकार द्वारा निर्धारित खरीद मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि खुले बाजार में गेहूं वर्तमान में 2,270 रुपये पर उपलब्ध है।

भाषा सं जफर मनीषा रंजन

रंजन