भगवान विष्णु की सदियों पुरानी प्रतिमा बरामद

Ads

भगवान विष्णु की सदियों पुरानी प्रतिमा बरामद

  •  
  • Publish Date - March 26, 2021 / 01:43 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:49 PM IST

हासन (कर्नाटक), 26 मार्च (भाषा) भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के एक अधिकारी ने कहा कि कर्नाटक के हासन जिले के हाले बेलूर में भगवान विष्णु की एक प्राचीन प्रतिमा मिली है।

बेंगलुरु सर्कल के अधीक्षक पुरातत्वविद शिवकांत वाजपेयी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि स्थानीय लोगों को यहां तालाब की खुदाई के दौरान यह प्रतिमा मिली।

उन्होंने बताया कि यह मूर्ति होयसल काल की है। होयसल वंश ने 10वीं से 14वीं शताब्दी तक शासन किया था और बेलूर में चेन्नाकेशव मंदिर का और हासन जिले के हालेबीडू में होयसलेश्वर शिव मंदिर का निर्माण कराया था।

बाजपेई ने कहा कि एक एएसआई अधिकारी को यहां भेजा गया है और वह संभवतः सोमवार तक अपनी रिपोर्ट भेजेंगे।

उन्होंने बताया कि यह मूर्ति इस इस मत को पुष्ट करती है कि हाले बेलूर किसी जमाने में होयसल राजवंश की राजधानी हुआ करता था। 5.5 फुट की यह प्रतिमा होयसल स्थापत्य कला का नमूना है। इसमें भगवान विष्णु का चतुर्भुज रूप है। वह शंख, चक्र, गदा और कमल धारण किए हुए हैं।

एक स्थानीय निवासी ने बताया कि मूर्ति को सिर्फ आंशिक नुकसान पहुंचा है और यह ठीक है।

भाषा स्नेहा पवनेश

पवनेश