चंडीगढ़: पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े मादक पदार्थ-आतंकवाद नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, तीन लोग गिरफ्तार

Ads

चंडीगढ़: पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े मादक पदार्थ-आतंकवाद नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, तीन लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 12:11 AM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 12:11 AM IST

चंडीगढ़, आठ जुलाई (भाषा) चंडीगढ़ पुलिस ने बुधवार को बताया कि पिछले महीने यहां दवा की एक दुकान के कैशियर की हत्या के मामले की जांच के दौरान तीन अन्य लोगों की गिरफ्तारी के साथ ही सीमा पार और अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय हथियार, मादक पदार्थ और नकली भारतीय मुद्रा की तस्करी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।

चंडीगढ़ पुलिस ने इस नेटवर्क के मुख्य साजिशकर्ता को भी औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के सदस्य कैशियर की हत्या की वारदात में भी कथित तौर पर शामिल थे।

चंडीगढ़ पुलिस के अपराध शाखा थाने की टीम ने एक अभियान के तहत तरनतारन निवासी आकाश कुमार उर्फ मणि, सचिन सिलवेस्टर और गुरमीत सिंह बादशाह को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि मुख्य साजिशकर्ता धर्मिंदर सिंह उर्फ गोली पहले से ही पंजाब की कपूरथला जेल में बंद है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, सिंह एक विदेशी आका के इशारे पर काम करता था।

पुलिस ने बताया कि गोली ने कैशियर हत्याकांड में शामिल शूटरों और बादशाह की मुलाकात कराई थी।

पुलिस के मुताबिक, बादशाह ने दवा की दुकान के कैशियर की हत्या के मामले के शूटर सनी मेहरा और अमित को अपने घर में शरण दी थी तथा उसने ही उन्हें पिस्तौल व नकदी भी उपलब्ध कराई थी।

पुलिस के एक बयान में बताया कि जबरन वसूली और गोलीबारी की घटनाओं में शामिल गैंगस्टरों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए भी पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

पंजाब के तरनतारन और अमृतसर जिलों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने उनके कब्जे से 3.028 किलोग्राम मादक पदार्थ ‘आइस’ (मेथामफेटामाइन), आठ लाख रुपये के अंकित मूल्य के नकली भारतीय मुद्रा नोट, दो अत्याधुनिक पिस्तौल और उनकी मैगजीन बरामद कीं।

इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का भी खुलासा हुआ।

भाषा जितेंद्र

जितेंद्र