छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र), नौ जुलाई (भाषा) नंदीग्राम एक्सप्रेस के प्रथम श्रेणी वातानुकूलित डिब्बे में एक अनधिकृत ‘डेकोरेटर’ (सजावट करने वाला व्यक्ति) को प्रवेश करने एवं दंपति के लिए ‘कूपे’ को सजाने की कथित तौर पर अनुमति देने पर एक यात्रा टिकट परीक्षक (टीटीई) को निलंबित कर दिया गया है। दक्षिण मध्य रेलवे ने यह जानकारी दी।
भारतीय रेल के प्रथम श्रेणी वातानुकूलित डिब्बे में ‘कूपे’ आमतौर पर दो यात्रियों के लिए अलग बंद केबिन होता है।
दक्षिण मध्य रेलवे ने बुधवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया कि छह जुलाई को प्रथम श्रेणी वातानुकूलित डिब्बे में सफर कर रहे एक दंपति ने अपने ‘कूपे’ को सजाने के लिए ऑनलाइन मंच के जरिये एक ‘डेकोरेटर’ की सेवा ली थी।
सजे हुए इस ‘कूपे’ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
रेलवे अधिकारी ने कहा कि ‘डेकोरेटर’ का डिब्बे में प्रवेश अनधिकृत था जो एक गंभीर चूक है।
विज्ञप्ति में कहा गया कि संबंधित टीटीई को निलंबित कर दिया गया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
इसमें कहा गया कि जांच के बाद दोषी लोगों के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
भाषा सिम्मी सुरभि
सुरभि