चंडीगढ़ पुलिस ने भाजपा कार्यालय की ओर मार्च निकाल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें कीं

चंडीगढ़ पुलिस ने भाजपा कार्यालय की ओर मार्च निकाल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें कीं

चंडीगढ़ पुलिस ने भाजपा कार्यालय की ओर मार्च निकाल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें कीं
Modified Date: February 21, 2026 / 08:39 pm IST
Published Date: February 21, 2026 8:39 pm IST

चंडीगढ़, 21 फरवरी (भाषा) युवा कांग्रेस की चंडीगढ़ इकाई के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में शनिवार को अवरोधक पार कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय की ओर मार्च निकालने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें छोड़ी।

प्रदर्शन के मद्देनजर सेक्टर 35 स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर अवरोधक लगाए गए थे और सेक्टर 33 स्थित भाजपा कार्यालय की ओर प्रदर्शनकारियों को बढ़ने से रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

बैनर लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और केंद्र सरकार से मांग की कि वह “देश के हितों से समझौता न करे।” उन्होंने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर युवाओं के साथ विश्वासघात करने, बेरोजगारी बढ़ने देने, महंगाई का बोझ बढ़ाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।

उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि यह राष्ट्रीय हितों की उचित रक्षा नहीं करता।

कांग्रेस की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा, “भाजपा सरकार की तानाशाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की लाठियां और पानी की बौछारें युवाओं का मनोबल नहीं तोड़ पाएंगे।”

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटा रही है। देश की संप्रभुता और गरिमा से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। हम इस अन्याय के खिलाफ सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ेंगे।”

युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक लुबाना ने कहा कि देश के युवा बेरोजगारी, महंगाई और अवसरों की कमी से जूझ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार “युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल रही है और राष्ट्रीय हितों की कीमत पर राजनीतिक सौदेबाजी कर रही है।”

भाषा खारी पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में