प्रतिबंधित संगठन को विस्फोटक की आपूर्ति मामले में तीन नक्सलियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल

प्रतिबंधित संगठन को विस्फोटक की आपूर्ति मामले में तीन नक्सलियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल

प्रतिबंधित संगठन को विस्फोटक की आपूर्ति मामले में तीन नक्सलियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल
Modified Date: May 30, 2026 / 12:51 am IST
Published Date: May 30, 2026 12:51 am IST

नयी दिल्ली, 29 मई (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने आंध्र प्रदेश में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के कार्यकर्ताओं को विस्फोटक और रसद सहायता की आपूर्ति से संबंधित एक मामले में तीन कथित नक्सलियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों में से दो, नाका डेविड राज उर्फ ​​दवीदु और विजय विश्वास, प्रतिबंधित संगठन के ‘ओवरग्राउंड वर्कर’ (ओजीडब्ल्यू) हैं

एनआईए के एक बयान के अनुसार, नक्सलियों को स्थानीय पुलिस ने उस समय रंगे हाथों पकड़ा और गिरफ्तार किया जब वे तीसरे आरोपी सोडी केसा को विस्फोटकों की खेप सौंपने जा रहे थे।

तीनों के नाम विशाखापत्तनम स्थित एनआईए विशेष अदालत में दायर आरोपपत्र में शामिल हैं।

बयान के अनुसार जांच में पता चला है कि डेविड और विजय सुरक्षा बलों पर हमले के लिए विस्फोटक सामग्री की खरीद, परिवहन और उनकी भूमिगत माओवादियों को आपूर्ति में शामिल थे।

एनआईए की जांच में पाया गया कि आरोपियों के भाकपा (माओवादी) के सदस्यों से संबंध थे और वे संगठन के नापाक एजेंडे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्हें सक्रिय रूप से सहायता प्रदान कर रहे थे।

सितंबर 2024 में स्थानीय पुलिस से मामला अपने हाथ में लेने वाली एनआईए ने पाया कि पूरी साजिश का मकसद भाकपा (माओवादी) को क्षेत्र में अपनी परिचालन क्षमताओं को मजबूत करने में मदद करना था, ताकि देश की सुरक्षा और स्थिरता को बाधित किया जा सके।

बयान में कहा गया है कि प्रतिबंधित संगठन के अन्य संबंधों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

भाषा

राखी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में