छत्तीसगढ़ : वेदांता बिजली संयंत्र में धमाके के सिलसिले में प्रबंधन, अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
छत्तीसगढ़ : वेदांता बिजली संयंत्र में धमाके के सिलसिले में प्रबंधन, अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
सक्ती, 16 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता के बिजली संयंत्र में हुए धमाके के सिलसिले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को कंपनी के प्रबंधन, अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
वेदांता के सिंघीतराई गांव स्थित बिजली संयंत्र में 14 अप्रैल को धमाका हुआ था, जब बॉयलर से टर्बाइन तक उच्च दाब युक्त भाप ले जाने वाला स्टील का पाइप फट गया था, जिससे कई मजदूर बुरी तरह से झुलस गए थे।
इस घटना में 20 लोगों की मौत हो गई थी और 16 लोग घायल हुए थे।
सक्ती के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि डभरा पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना), 289 (मशीन के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ठाकुर ने बताया कि प्राथमिकी में आठ से 10 आरोपियों को नामजद किया गया है, जिनमें कंपनी का प्रबंधन, अधिकारी और अन्य लोग शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि घटना की जांच जारी है और इस दौरान अगर और लोग भी जिम्मेदार पाए जाते हैं, तो उनके नाम भी प्राथमिकी में शामिल किए जाएंगे।
ठाकुर के मुताबिक, घटना के सिलसिले में कई रिपोर्ट का इंतजार है, जिनमें मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक प्रयोगशाला की रिपोर्ट और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि धमाके के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए एक तकनीकी टीम भी बनाई गई है।
ठाकुर ने कहा, “सभी रिपोर्ट मिलने के बाद अगर जरूरत पड़ेगी, तो प्राथमिकी में और भी धाराएं जोड़ी जाएंगी।”
भाषा
सं संजीव पारुल
पारुल

Facebook


