मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार 10-11 सितंबर को गुजरात का दौरा करेंगे
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार 10-11 सितंबर को गुजरात का दौरा करेंगे
अहमदाबाद, नौ सितंबर (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार 10 और 11 सितंबर को गुजरात का दौरा करेंगे। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पद संभालने के बाद यह उनका पहला गुजरात दौरा होगा।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने बताया कि दो दिवसीय यात्रा के दौरान कुमार निर्वाचन आयोग की ‘‘रोल से पोल तक पारदर्शिता’’ पहल के तहत प्रमुख नागरिकों, बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और ‘निर्वाचक साक्षरता क्लबों’ के सदस्यों से संवाद करेंगे।
कुमार 10 सितंबर को अपनी यात्रा की शुरुआत साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि के साथ करेंगे। इसके बाद वह गुजरात की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम के तहत गांधीनगर स्थित ऐतिहासिक अडालज की बावड़ी का दौरा करेंगे।
एक विज्ञप्ति के अनुसार, शाम को वह अहमदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन (एएमए) के परिसर में जाएंगे, जहां वह प्रमुख नागरिकों के साथ ‘‘दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में चुनाव संचालन’’ विषय पर संवाद करेंगे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त 11 सितंबर को गुजरात के करीब 500 बीएलओ से संवाद करेंगे। वह उसी दिन अहमदाबाद स्थित गुजरात विश्वविद्यालय परिसर के अटल कलाम हॉल में गुजरात के करीब 500 बूथ स्तरीय अधिकारियों से संवाद करेंगे।
इसके बाद शाम को वह शहर के शेला क्षेत्र स्थित ‘एयूडीए सभागार’ में 1,000 से अधिक ‘निर्वाचक साक्षरता क्लब’ (ईएलसी) के सदस्यों से बातचीत करेंगे।
हाल ही में शुरू किए गए ईएलसी 2.0 के दृष्टिकोण, मिशन और प्रमुख विशेषताओं पर कार्यक्रम के दौरान एक प्रस्तुति भी दी जाएगी।
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश

Facebook


