राज्यसभा चुनाव में दूसरा मतपत्र जारी करने के मुद्दे पर बीजद टीम से मिलेंगे मुख्य निर्वाचन अधिकारी

Ads

राज्यसभा चुनाव में दूसरा मतपत्र जारी करने के मुद्दे पर बीजद टीम से मिलेंगे मुख्य निर्वाचन अधिकारी

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 08:36 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 08:36 PM IST

भुवनेश्वर, पांच मई (भाषा) ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) राज्यसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के दो विधायकों को कथित रूप से दूसरा मतपत्र जारी करने को लेकर 11 मई को बीजू जनता दल के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बीजद सांसद सस्मित पात्रा को लिखे पत्र में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी गोपीनाथ कुंअर ने कहा, ‘मुझे आपको सूचित करने का निर्देश दिया गया है कि बीजद प्रतिनिधिमंडल 11 मई 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर 18 मार्च के ईमेल में उठाए गए मुद्दों पर चर्चा कर सकता है। अतः आपसे विनम्र अनुरोध है कि कृपया निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उक्त बैठक में उपस्थित होने की कृपा करें।’

इससे पहले, 28 अप्रैल को पात्रा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा के दो विधायकों (उपासना महापात्रा और पूर्ण चंद्र सेठी) को दूसरा मतपत्र जारी किया गया था।

बीजद के पत्र के जवाब में भारत निर्वाचन आयोग के अवर सचिव राजेंद्र कुमार सिंह ने 29 अप्रैल को ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को एक पत्र लिखकर मामले की जांच के लिए बीजद प्रतिनिधिमंडल के साथ तत्काल मुलाकात का अनुरोध किया।

इसके बाद, ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 11 मई को बीजद प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक निर्धारित की है।

इसी बीच, बीजद ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलने के लिए पार्टी विधायक दल के उपनेता प्रसन्ना आचार्य के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया है।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश