मुख्यमंत्री रेड्डी ने अमेरिकी राजदूत से दिल्ली में की मुलाकात, वीजा और संबंध मजबूत करने पर चर्चा

मुख्यमंत्री रेड्डी ने अमेरिकी राजदूत से दिल्ली में की मुलाकात, वीजा और संबंध मजबूत करने पर चर्चा

मुख्यमंत्री रेड्डी ने अमेरिकी राजदूत से दिल्ली में की मुलाकात, वीजा और संबंध मजबूत करने पर चर्चा
Modified Date: August 6, 2026 / 04:42 pm IST
Published Date: August 6, 2026 4:42 pm IST

हैदराबाद, छह अगस्त (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के साथ वीजा और तेलंगाना-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा की।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि रेवंत रेड्डी ने बुधवार को दिल्ली में गोर से शिष्टाचार भेंट की और इस दौरान उन्होंने अमेरिका में सबसे तेजी से बढ़ती भाषाओं में से एक के रूप में तेलुगु का उल्लेख किया।

सीएमओ के अनुसार, गोर ने सभी क्षेत्रों में तेलंगाना और अमेरिका के संबंधों को और विस्तार देने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

सीएमओ ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने राज्य की जनता की ओर से राजदूत सर्जियो गोर का आभार व्यक्त किया और उन्हें तेलंगाना एवं उसके लोगों का सच्चा मित्र बताया।’’

गोर ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), बायोफार्मा और उच्च शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अमेरिका-भारत सहयोग को और गहरा करने पर सार्थक चर्चा की।

गोर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से फिर मुलाकात करके अच्छा लगा। अमेरिका-भारत सहयोग को एआई, महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियों, बायोफार्मा और उच्च शिक्षा के क्षेत्रों में आगे बढ़ाने को लेकर हमारी उपयोगी चर्चा हुई। आगे भी सहयोग जारी रखने की उम्मीद है।’’

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में