मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1000 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की नींव रखी

Ads

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1000 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की नींव रखी

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 08:52 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 08:52 PM IST

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि यमुना के दोनों तटों के बीच के अंतर को समाप्त करना दिल्ली सरकार की मुख्य प्राथमिकता बनी हुई है।

पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में 1075 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास करते हुए गुप्ता ने कहा कि ये परियोजनाएं यातायात प्रबंधन में सुधार करेंगी और जलभराव जैसी समस्याओं से स्थायी राहत प्रदान करेंगी।

उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में संतुलित विकास के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा आवश्यक है। वर्तमान सरकार राजनीति में नहीं, बल्कि परिणाम देने में विश्वास करती है। दिल्ली का कोई भी हिस्सा विकास से वंचित नहीं रहेगा।’

गुप्ता ने कहा कि पिछले एक साल में दिल्ली सरकार ने विकास को गति देने के लिए एक नई कार्य संस्कृति स्थापित की है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा, ‘नियमित निगरानी, समयबद्ध कार्यान्वयन और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। यह केवल शिलान्यास समारोह नहीं है, बल्कि विकसित दिल्ली बनाने की प्रतिबद्धता है।’

सरकार के मुताबिक, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) लगभग 782 करोड़ रुपये की लागत से 236 सड़कों के सुदृढ़ीकरण और सुधार का कार्य शुरू करेगा।

आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एक बार पूरा होने के बाद, इन कार्यों से सुचारू यातायात प्रवाह और नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं अधिक सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित होगी।

बयान में यह भी कहा गया कि सरकार लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से पांच फुट ओवरब्रिज का निर्माण कर रही है, जिससे पैदल यात्रियों को राहत और सुरक्षा मिलेगी।

ये परियोजनाएं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग से संबंधित हैं। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ​भी मौजूद थे।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरी की जाएं।

भाषा नोमान

नोमान दिलीप

दिलीप