मुख्यमंत्री शुभेंदु ने उत्तर बंगाल का अपना पहला दौरा शुरू किया

Ads

मुख्यमंत्री शुभेंदु ने उत्तर बंगाल का अपना पहला दौरा शुरू किया

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 01:33 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 01:33 PM IST

सिलीगुड़ी, 20 मई (भाषा) शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद बुधवार को उत्तर बंगाल की अपनी पहली यात्रा की। उन्होंने कहा कि वह इस क्षेत्र के लोगों की विकास संबंधी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करेंगे।

क्षेत्र के लोगों द्वारा भाजपा को दिए जा रहे समर्थन को स्वीकार करते हुए, अधिकारी ने कहा कि वह अपने मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रियों के साथ हर महीने उत्तर बंगाल का दौरा करेंगे।

अधिकारी ने कोलकाता से यहां बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पत्रकारों से कहा, ‘हम अपने ‘संकल्प पत्र’ (चुनाव घोषणापत्र) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा करने की दिशा में काम करेंगे।’

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘उत्तर बंगाल की जनता का कर्ज’ लौटाएगी, जो उनके अनुसार 2009 से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थन कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘भाजपा सरकार उत्तर बंगाल को उसके विकास के हक दिलाने की दिशा में काम करेगी ताकि इस क्षेत्र के साथ पहले हुए अन्याय को मिटाया जा सके।’

अधिकारी ने बताया कि उत्तर बंगाल विकास मंत्री सप्ताह में एक दिन सिलीगुड़ी में अपने कार्यालय में बैठेंगे। इस दौरान उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक उनके साथ मौजूद थे।

अधिकारी सिलीगुड़ी स्थित भाजपा कार्यालय का दौरा करेंगे, जहां वह पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात करेंगे।

एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री उत्तरकन्या में प्रशासनिक समीक्षा बैठक करने वाले हैं, जो राज्य सचिवालय की उत्तर बंगाल शाखा है।

भाषा तान्या मनीषा वैभव

वैभव