आइजोल/इंफाल, 24 सितंबर (भाषा) सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को मणिपुर स्थित प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के प्रमुख को मिजोरम की राजधानी आइजोल में गिरफ्तार किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार थांगखोमांग हाओकिप को यूकेएनए का प्रमुख बताया जा रहा है और उस पर मणिपुर में कई अपराधों में शामिल होने का आरोप है।
आइजोल के पुलिस अधीक्षक जोसांगलियाना ने पीटीआई-भाषा को बताया कि हाओकिप को असम राइफल्स और सब्सिडियरी इंटेलिजेंस ब्यूरो (एसआईबी) की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।
एक केंद्रीय खुफिया एजेंसी के अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है, जो कथित तौर पर फिलहाल आइजोल में छिपे हुए हैं।
इंफाल में अधिकारियों ने बताया कि यूकेएनए केंद्र, मणिपुर सरकार और कई कुकी तथा जोमी उग्रवादी समूहों के बीच हुए ‘संचालन निलंबन’ (एसओओ) समझौते में शामिल नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह समूह मुख्य रूप से पहाड़ी जिले चूड़ाचांदपुर, विशेषकर इसके हेंगलेप उपखंड में सक्रिय है।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश