नोएडा में ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच्चे की मौत, परिजनों ने किया प्रदर्शन

नोएडा में ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच्चे की मौत, परिजनों ने किया प्रदर्शन

नोएडा में ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच्चे की मौत, परिजनों ने किया प्रदर्शन
Modified Date: August 27, 2026 / 09:28 pm IST
Published Date: August 27, 2026 9:28 pm IST

नोएडा, 27 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना बिसरख क्षेत्र में भगत मार्केट के पास सड़क किनारे खेल रहे नौ वर्षीय बच्चे को एक ट्रैक्टर ने कथित तौर पर टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।

अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि बिसरख गांव के भगत मार्केट निवासी मुकेश का नौ वर्षीय बेटा कल्लू 27 अगस्त की सुबह घर के बाहर सड़क पर खेल रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि हादसे में कल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शाम को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। परिजन शव को लेकर बृहस्पतिवार रात बिहार के नालंदा जिले के लिए रवाना हो गए।

इस बीच, मृतक के परिजनों और अन्य लोगों ने बृहस्पतिवार रात भगत मार्केट के पास सड़क जाम कर दी। वे उचित मुआवजे और ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

एडीसीपी ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और चालक को भी हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने बताया कि परिजनों के प्रदर्शन के चलते इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया।

भाषा

सं, रवि कांत रवि कांत


लेखक के बारे में