डीयू छात्रा की घर में चाकू मारकर हत्या, आरोपी को पिछले महीने नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया था
डीयू छात्रा की घर में चाकू मारकर हत्या, आरोपी को पिछले महीने नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया था
नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय की 21 वर्षीय छात्रा और ‘कंटेंट क्रिएटर’ की पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर स्थित घर में, उसके एक परिचित व्यक्ति ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। युवती आरोपी को करीब 18 महीने से जानती थी और संबंध समाप्त होने के बाद भी वह उसे कथित तौर पर परेशान कर रहा था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान आकिब उर्फ इमरान (26) के रूप में हुई है। वह युवती के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने को लेकर कथित तौर पर नाराज था और फिलहाल फरार है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और उसका स्वयं को नुकसान पहुंचाने का इतिहास भी रहा है।
मृतका दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह ‘कंटेंट क्रिएटर’ होने के साथ-साथ अंशकालिक मॉडल भी थी। परिवार के परिचितों के अनुसार, उसकी बड़ी बहन भी मॉडल है।
वह चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और अपने माता-पिता तथा भाई-बहनों के साथ पश्चिमी दिल्ली में मंगला अस्पताल के पास किराये के मकान में रहती थी।
पुलिस ने बताया कि उसकी मुलाकात इमरान से एक जिम में हुई थी, जहां वह ट्रेनर के तौर पर काम करता था। जिम के एक कर्मचारी के अनुसार, इमरान करीब तीन महीने तक वहां कार्यरत रहा, लेकिन ग्राहकों के साथ कथित अनुचित व्यवहार के कारण उसे लगभग दो महीने पहले निकाल दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई को युवती ने एक थाने में पहुंचकर इमरान द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत की थी, लेकिन उसने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। इसके बाद पुलिस ने इमरान को नशामुक्ति केंद्र भेजा था।
पुलिस ने बताया कि नशामुक्ति केंद्र में कथित तौर पर स्वयं को नुकसान पहुंचाने के बाद उसे 30 जुलाई को वहां से रिहा कर दिया गया था।
पुलिस ने कहा कि युवती इमरान के साथ अपना संबंध जारी नहीं रखना चाहती थी, लेकिन वह कथित तौर पर उसका पीछा करता रहा।
पुलिस को संदेह है कि पिछले दो महीनों के दौरान युवती के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने को लेकर वह नाराज हो गया था।
पुलिस के अनुसार, दोनों 20 अगस्त को एक होटल में भी मिले थे।
बुधवार शाम को आरोपी उस समय युवती के घर गया जब वह अकेली थी। पुलिस ने कहा कि दोनों के बीच बहस होने लगी, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला किया और भाग गया।
एक पुलिस सूत्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी शाम करीब 5.40 बजे इमारत में दाखिल होता दिख रहा है।
घरेलू सहायिका ने युवती को घर की दूसरी मंजिल पर घायल अवस्था में पड़ा पाया और उसके परिवार को सूचित किया।
पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि तिलक नगर थाने में शाम सात बजकर 24 मिनट पर घटना की सूचना दी गई और टीम के पहुंचने से पहले ही पीड़िता को जनकपुरी के अमर लीला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद अपराध टीम और फॉरेंसिक दल को मौके पर बुलाया गया जिसने घटनास्थल का मुआयना किया।
डीसीपी ने बताया कि मृतका के भाई के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उनके मुताबिक, पीड़िता के भाई ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसकी बहन की जान-पहचान निकट के इलाके में रहने वाले आकिब उर्फ इमरान नामक लड़के से थी और उसने इमरान पर उसकी बहन की हत्या करने का शक जताया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने हत्या का स्वत: संज्ञान लेते हुए सात दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
पीड़िता के दोस्त अमन ने पत्रकारों को बताया कि युवती चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।
उन्होंने कहा, ‘उसकी बड़ी बहन ने मुझे चंडीगढ़ से फोन किया और मुझे उसके घर पहुंचने के लिए कहा। उसी ने बताया कि युवती को चाकू मारा गया है। मैंने अपने दोस्तों को उसे अस्पताल ले जाने के लिए बुलाया। जब मैं वहां पहुंचा, तो एक एम्बुलेंस पहले से ही वहां मौजूद थी और अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’
अमन ने दावा किया कि आरोपी लंबे समय से पीड़िता का पीछा कर रहा था और परिवार को पीड़िता के कथित उत्पीड़न के बारे में सूचित किया गया था।
पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के परिवार के सदस्यों को अस्पताल के बाहर इंतजार करते देखा गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि 15 से अधिक टीम आरोपी का पता लगा रही हैं और जांचकर्ताओं को उसके ठिकाने के बारे में कुछ अहम जानकारी मिली है।
पुलिस टीम ने उन स्थानों पर छापेमारी की, जहां आरोपी के छिपे होने की आशंका है। साथ ही, घटना से पहले और बाद की उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए इलाके और अन्य स्थानों की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
आरोपी और पीड़िता अलग-अलग समुदाय से हैं, इसलिए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।
पड़ोसी ने कहा कि स्थानीय निवासियों को घटना के बारे में शाम करीब 7:30 बजे पता चला। उन्होंने कहा, ‘मुझे पता चला कि लड़का दूसरे समुदाय का जिम ट्रेनर है। इलाके के कई परिवार डरे हुए हैं।’
जिस जिम में पीड़िता जाती थी और जहां आरोपी पहले प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत था, वहां की एक कर्मचारी ने कहा कि कई ग्राहकों के साथ आरोपी का व्यवहार अनुचित था।
कर्मचारी ने कहा कि जिम ने उसके आचरण के कारण उसे लगभग दो महीने पहले नौकरी से निकाल दिया था और उसने जिम में सिर्फ तीन महीने तक काम किया था।
जिम कर्मी ने कहा, ‘हमने लड़की और लड़के के बीच कभी भी कोई ऐसी बात नहीं महसूस की। वह आती थी, कसरत करती और उससे बात किए बिना चली जाती थी।’
उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने प्रतिष्ठान का दौरा किया और कर्मचारियों से आरोपी के बारे में पूछताछ की।
भाषा
नोमान
नोमान सुभाष
सुभाष

Facebook


