जम्मू, आठ सितंबर (भाषा) जम्मू हवाईअड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान ने मंगलवार को अपनी सर्विस राइफल से कथित रूप से सिर में गोली मार ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना हवाईअड्डे के निकास द्वार के बाहर हुई, जहां सुनील जसरोटिया नामक जवान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था।
अधिकारियों ने शुरुआती रिपोर्टों का हवाला देते हुए बताया कि कठुआ जिले के रहने वाले जसरोटिया ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारियों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर उनके साथी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें खून से लथपथ पाया। उन्होंने बताया कि जवान को तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि घटना के पीछे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश