जम्मू-कश्मीर की पांच और जेलों में सीआईएसएफ की तैनाती होगी

Ads

जम्मू-कश्मीर की पांच और जेलों में सीआईएसएफ की तैनाती होगी

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 09:04 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 09:04 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर की पांच और जेलों में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों की तैनाती करने की तैयारी कर रही है।

इससे पहले, जम्मू-श्रीनगर की दो केंद्रीय जेलों में पहले ही यह सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा चुकी है।

सीआईएसएफ के एक प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि महानपुर (कठुआ) स्थित उच्च सुरक्षा जेल के अलावा जम्मू, अनंतनाग, कुपवाड़ा और बारामूला की जिला जेलों को सीआईएसएफ सुरक्षा कवरेज देने पर विचार किया जा रहा है।

सीआईएसएफ को अक्टूबर 2023 में श्रीनगर और जम्मू (कोट भलवाल) स्थित केंद्रीय जेलों में सुरक्षा प्रदान करने के लिए तैनात किया गया था।

प्रवक्ता के अनुसार, यह बल इन संवेदनशील जेल परिसरों के आंतरिक और बाहरी दोनों हिस्सों की सुरक्षा आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षित जवानों और सख्त प्रवेश नियंत्रण प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित कर रहा है।

जेलों में अपराध, विशेषकर मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ ने ‘‘नॉन-लीनियर जंक्शन डिटेक्टर’’ (एनएलजेडडी) तैनात किए हैं, जो छिपे हुए इलेक्ट्रॉनिक सर्किट का पता लगाने में सक्षम हैं।

सीआईएसएफ ने बुलेटप्रूफ वाहन और चौबीसों घंटे त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) आदि की भी तैनाती की है, ताकि जेल परिसरों की सुरक्षा मजबूत की जा सके।

प्रवक्ता ने बताया कि जेलों की सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित सीसीटीवी प्रणाली, उन्नत वीडियो एनालिटिक्स, एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम तथा कैदियों के व्यवहार विश्लेषण जैसे उपायों पर विशेष प्रशिक्षण भी लागू किया जा रहा है।

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश