जेयू परिसर में एबीवीपी और वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच झड़प, जांच समिति गठित होगी
जेयू परिसर में एबीवीपी और वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच झड़प, जांच समिति गठित होगी
कोलकाता, 20 अगस्त (भाषा) यादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) में बृहस्पतिवार तड़के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और वामपंथी विचारधारा वाले छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच झड़प हो गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर परिसर में बाहरी लोगों को लाने का आरोप लगाया। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कुलपति चिरंजीव भट्टाचार्य ने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी और इसकी जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शाम के बाद परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध है।
अधिकारियों ने बताया कि झड़प में कई छात्र घायल हो गए और उनमें से कुछ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में कई स्थानों पर आगजनी की गई।
विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि यह टकराव बुधवार को ‘फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी स्टूडेंट्स यूनियन’ (एफईईटीएसयू) की एक बैठक को लेकर शुरू हुआ और देर रात तक जारी रहा।
बढ़ते तनाव के बीच यादवपुर विश्वविद्यालय की प्रशासनिक इमारत ‘अरबिंदो भवन’ को बंद कर दिया गया जबकि छात्रों के समूह इमारत के बाहर एकत्र हो गए।
दोनों गुटों ने विश्वविद्यालय के बाहर के लोगों की मौजूदगी को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध एबीवीपी ने आरोप लगाया कि ‘स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) और ‘डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन-डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स फ्रंट’ (डीएसओ-डीएसएफ) जैसे वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने एफईटीएसयू की बैठक की आड़ में टकराव शुरू किया।
वहीं, वामपंथी झुकाव वाले छात्र संगठनों ने एबीवीपी पर बाहरी लोगों को परिसर में लाने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया।
कुलपति ने कहा कि उन्होंने कई छात्रों, संकाय सदस्यों और अधिकारियों से बात की है।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘परिसर में अलग-अलग विचारधाराओं के लोग साथ-साथ रहते हैं। जेयू का पूर्व छात्र होने के नाते मैंने विचारों की इस विविधता और विश्वविद्यालय द्वारा दिए जाने वाले उदार माहौल को देखा है। कुलपति के तौर पर मेरा मानना है कि परिसर में देश का कानून लागू होना चाहिए और परिसर में सुरक्षा होनी चाहिए।’’
भट्टाचार्य ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन परिसर में पुलिस चौकी बनाने के खिलाफ है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर ऐसी अवांछित घटनाएं होती हैं, तो हमें परिसर की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने होंगे। शाम के बाद परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। हम परिस्थितियों का पता लगाने के लिए एक जांच समिति बनाएंगे।’’
एक सवाल के जवाब में कुलपति ने कहा कि वह राज्यपाल आर एन रवि से बात करेंगे जो विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं।
एबीवीपी के पदाधिकारी शुभब्रत अधिकारी ने आरोप लगाया कि हमले में विश्वविद्यालय के बाहर के कई लोग शामिल थे और प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के सदस्य विरोध जताने के लिए यादवपुर थाने के बाहर जमा हुए।
वामपंथी छात्र संगठनों ने इस आरोप को खारिज कर दिया और एबीवीपी पर विश्वविद्यालय की जगहों में घुसने और उन पर कब्जा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
यादवपुर विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘झड़प के दौरान एफईटीएसयू के सदस्यों ने विश्ववविद्यालय की एबीवीपी इकाई के एक कार्यकर्ता को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया। बाद में कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय कार्यकर्ताओं की भीड़ रात करीब एक बजे परिसर में घुसी और वामपंथी झुकाव वाले छात्र संगठनों के सदस्यों की पिटाई की।’’
यादवपुर विश्ववविद्यालय शिक्षक संघ (जेयूटीए) ने परिसर में बाहरी लोगों के घुसने और तोड़फोड़ की घटनाओं की निंदा की।
जेयूटीए के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम परिसर में शांतिपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियों की मांग करते हैं।’’
एबीवीपी ने इस घटना को लेकर बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
एसएफआई की राज्य समिति के सदस्य शुभजीत सरकार ने बताया कि एसएफआई ने विश्वविद्यालय के पास 8बी बस अड्डे पर दिन में रैली करने की घोषणा की है।
भाषा सुरभि देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


