केरलम:प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ टिप्पणी के आरोप में ‘ट्रांसजेंडर इन्फ्लुएंसर’ जानमोनी दास गिरफ्तार
केरलम:प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ टिप्पणी के आरोप में 'ट्रांसजेंडर इन्फ्लुएंसर' जानमोनी दास गिरफ्तार
कोझिकोड (केरलम), 20 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके परिवार के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में ट्रांसजेंडर ‘मेकअप आर्टिस्ट’ और ‘सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर’ जानमोनी दास को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, कोझिकोड साइबर पुलिस ने दास और सोशल मीडिया पर उक्त कथित वीडियो साझा करने वाले दो अन्य लोगों को तलब किया और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि थाने में इस मामले में सबूत जुटाने और पूछताछ समेत अन्य प्रक्रिया जारी है।
यह मामला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नव्या हरिदास की ओर से 27 जुलाई को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, दास ने नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के सिलसिले में कथित तौर पर ये टिप्पणियां की थीं। इन टिप्पणियों से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ था।
टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा होने के बाद दास ने एक वीडियो जारी करके माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि भाषा की जानकारी नहीं होने के कारण उनसे ये टिप्पणियां हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक,इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 192 (दंगा कराने के लिए उकसाना) और 356(2) (आपराधिक मानहानि) तथा केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120(ओ) (उपद्रव करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ लगाए गए अपराध जमानती हैं।
दास कुछ साल पहले एक लोकप्रिय मलयालम रियलिटी शो में हिस्सा लेने के बाद सुर्खियों में आई थीं।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष

Facebook


