नूंह के गांवों में ईद की नमाज के बाद दो गुटों के बीच झड़प, 12 लोग घायल
नूंह के गांवों में ईद की नमाज के बाद दो गुटों के बीच झड़प, 12 लोग घायल
गुरुग्राम, 28 मई (भाषा) हरियाणा के नूंह जिले के दो गांवों में बकरीद (ईद-उल-अज़हा) की नमाज के बाद विरोधी गुटों के बीच झड़पें हो गईं, जिनमें कम से कम 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पहली घटना निजामपुर गांव की है, जहां पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश को लेकर हुई झड़प में छह लोग घायल हो गए। सुबह की नमाज के बाद जमील और रम्जी के गुटों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और लाठी-डंडों तथा कुल्हाड़ियों का भी इस्तेमाल किया, जिससे गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर अकेड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।
अकेड़ा थाना प्रभारी (एसएचओ) निरीक्षक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है और शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी झड़प सिंगार गांव में पुरानी दुश्मनी को लेकर दो गुटों के बीच हुई।
पुलिस ने बताया कि मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें कम से कम आधा दर्जन (छह) लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही बिछोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया।
सभी घायलों को पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक, घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके कारण उसे नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित कर दिया गया है।
बिछोर थाना प्रभारी निरीक्षक सुखबीर ने बताया कि उन्हें अभी तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश

Facebook


