फरीदाबाद में पिटबुल के हमले में सातवीं कक्षा का छात्र घायल

Ads

फरीदाबाद में पिटबुल के हमले में सातवीं कक्षा का छात्र घायल

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 09:07 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 09:07 PM IST

फरीदाबाद, 20 सितंबर (भाषा) फरीदाबाद के एनआईटी-3 में एक पिटबुल कुत्ते ने सातवीं कक्षा के छात्र पर हमला करके उसे 16 जगहों पर काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

बच्चे के परिजन उसे बीके अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे एक बड़े चिकित्सा केंद्र में रेफर कर दिया। छात्र का फिलहाल वहां उपचार किया जा रहा है।

बिरयानी का ठेला लगाने वाले जितेंद्र ने अपनी शिकायत में कहा कि शनिवार शाम उनका बेटा ग्रंथ साइकिल लेकर बाहर गया था और एक घर के सामने अपने दोस्त से बात कर रहा था, तभी एक पिटबुल कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया।

जितेंद्र ने शिकायत में आरोप लगाया, ‘कुत्ता मेरे बेटे को लगातार काटता रहा। कुत्ते के मालिक ने मेरे बेटे को बचाने की कोई कोशिश नहीं की। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद कुत्ते को अलग किया गया। हमले में उसके हाथ और पैरों समेत शरीर पर 16 जगह काटने के निशान आए हैं।’

हमले के समय ग्रंथ जिस घर के बाहर खड़ा था, वहां रहने वाले ओम को पिटबुल का मालिक बताया गया है।

जांच अधिकारी उप निरीक्षक मनोज कुमार ने कहा, ‘हमें शिकायत मिली है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है।’

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप