तूतीकोरिन में बारहवीं कक्षा की एक छात्रा की हत्या, तमिलनाडु के विपक्षी दल ने यौन हमले का लगाया आरोप

तूतीकोरिन में बारहवीं कक्षा की एक छात्रा की हत्या, तमिलनाडु के विपक्षी दल ने यौन हमले का लगाया आरोप

तूतीकोरिन में बारहवीं कक्षा की एक छात्रा की हत्या, तमिलनाडु के विपक्षी दल ने यौन हमले का लगाया आरोप
Modified Date: March 12, 2026 / 10:14 pm IST
Published Date: March 12, 2026 10:14 pm IST

तूतीकोरिन (तमिलनाडु), 12 मार्च (भाषा) तूतीकोरिन में 12 वीं कक्षा की 17 वर्षीय एक छात्रा की हत्या के बाद तमिलनाडु में राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है।

यह लड़की 10 मार्च को लापता हो गयी थी और 11 मार्च को वेदनाथम में उसके घर के पास उसका शव मिला। उसकी हत्या कर दी गयी थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लड़की के माता-पिता ने 10 मार्च की रात को कुलथुर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, क्योंकि वह घर नहीं लौटी थी। अगले दिन तलाश के दौरान ग्रामीणों को उसके घर के पास झाड़ियों में उसका शव नजर आया।

पुलिस ने बताया कि लड़की का गला घोंट जाने के निशान था और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उसने कहा कि आगे की कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

बृहस्पतिवार विपक्ष के नेता और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव के पलानीसामी ने आरोप लगाया कि लड़की के साथ यौन उत्पीड़न हुआ था।

उन्होंने यह भी दावा किया कि जब माता-पिता ने लड़की के लापता होने की सूचना दी, तो पुलिस ने ढिलाई बरती।

पलानीसामी ने कहा, ‘‘इस शर्मनाक कृत्य ने द्रमुक सरकार के चरित्र को उजागर कर दिया है।’’

उन्होंने विरोध प्रदर्शन कर रहे पीड़ित परिवार के साथ बातचीत में सत्ताधारी पार्टी के विधायक की संलिप्तता पर भी सवाल उठाया।

उन्होंने कहा, “द्रमुक विधायक को शांति वार्ता करने क्यों आना चाहिए? क्या द्रमुक या द्रमुक सरकार कुछ छिपाने, मामले को कमजोर करने या किसी तरह से अपराधियों को बचाने की कोशिश कर रही है?”

उन्होंने “सभी दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने” की मांग की।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने भी इस घटना की निंदा की। प्रदेश भाकपा सचिव एम. वीरपांडियन ने कहा कि छात्रा की मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हुई । उन्होंने इस त्रासदी को और बढ़ाने के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया।

विपक्ष की यह आलोचना वेदनाथम क्षेत्र में ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क जाम किये जाने के बीच आयी है। ये लोग तत्काल न्याय और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

हालांकि, तूतीकोरिन पुलिस अधीक्षक सी मदन ने कहा कि अब तक प्राप्त साक्ष्य निर्णायक नहीं हैं और केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही यह पता चल सकता है कि लड़की के साथ यौन उत्पीड़न हुआ था या नहीं।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन


लेखक के बारे में