उत्तराखंड में सीमाई इलाके में फटा बादल, 4 की मौत, हाईवे बंद

उत्तराखंड में सीमाई इलाके में फटा बादल, 4 की मौत, हाईवे बंद

उत्तराखंड में सीमाई इलाके में फटा बादल, 4 की मौत, हाईवे बंद
Modified Date: November 29, 2022 / 08:06 pm IST
Published Date: July 20, 2018 1:47 pm IST

देहरादून। उत्तराखंड में चमोली जिले से लगे चीन सीमा क्षेत्र नीती घाटी में शुक्रवार तड़के बादल फटने से जेलम गांव में तबाही मच गई। इससे 4 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय तमक नाले में मलबा आने से एक दर्जन से अधिक गांवों का मुख्यालय से संपर्क कट गया है।

मलबे में दबे एक बच्चे और एक मजदूर का शव निकाल लिया है जबकि एक बच्चे सहित 2 लोगों का शव अभी तक नहीं मिले हैं। चीन सीमा क्षेत्र में यातायात का प्रमुख जरिया जोशीमठ-मलारी हाईवे बंद हो गया है। सीमावर्ती इलाका होने के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ सेना और आईटीबीपी के जवानों का भी आवागमन बंद हो गया है।

यह भी पढ़ें : 52 दिन बाद रायपुर लौटे जोगी, पार्टी कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर किया भव्य स्वागत, देखें वीडियो

गुरुवार रात करीब 11 बजे से नीती घाटी में जोरदार बारिश शुरु हुई, जो रातभर जारी रही। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे जेलम गदेरे के शीर्ष भाग में बादल फटने से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर मलारी हाईवे पर आ गया। मलबा आने से यहां मौजूद बीआरओ के मजदूरों के टिन शेड दब गए। टिन शेड में रह रहे मजदूर तुलसा देवी (36) पत्नी प्रेम बहादुर, डेढ़ वर्षीय सुनील पुत्र प्रेम बहादुर, दो वर्षीय गौरव पुत्र किशन पाल और गोपाल बहादुर (35) पुत्र पर बहादुर, सभी चौराठा, नेपाल निवासी मलबे में जिंदा दफन हो गए।

घटना की सूचना करीब 4 घंटे बाद जोशीमठ तहसील मुख्यालय पहुंची। तब जाकर बीआरओ के कमांडर एसएस मक्कर, एसडीएम योगेंद्र सिंह के साथ ही एसडीआरएफ और आईटीबीपी के जवान घटना स्थल पर पहुंचे। एसडीएम योगेंद्र सिंह ने बताया कि मलारी हाईवे को शनिवार तक सुचारु कर लिया जाएगा।

वेब डेस्क, IBC24


लेखक के बारे में