सीएमआरएल मामले में किसी जांच से नहीं डरता: केरलम के डीजीपी को ईडी के पत्र पर माकपा नेता रियास

Ads

सीएमआरएल मामले में किसी जांच से नहीं डरता: केरलम के डीजीपी को ईडी के पत्र पर माकपा नेता रियास

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 07:09 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 07:09 PM IST

तिरुवनंतपुरम, आठ सितंबर (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता पी. ए. मोहम्मद रियास ने मंगलवार को कहा कि सीएमआरएल से जुड़े कथित रिश्वत मामले में उनके, उनकी पत्नी वीणा टी. और ससुर पिनराई विजयन के खिलाफ होने वाली किसी भी तरह की जांच से वे नहीं डरते, क्योंकि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है।

ईडी ने सीएमआरएल से जुड़े कथित रिश्वत मामले में केरलम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर रियास, विजयन और वीणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है, जिसके बारे में पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में रियास ने यह टिप्पणी की।

बेप्पूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रियास ने कहा कि वह कानूनी तरीके से जांच का सामना करेंगे।

उन्होंने कहा, “किसी भी तरह की जांच की जा सकती है। हममें से किसी ने कुछ भी गलत नहीं किया है। हमें डरने की कोई जरूरत नहीं। चाहे किसी भी तरह की जांच हो, निर्दोष व्यक्ति निर्दोष ही रहेगा।”

पूर्व मंत्री ने यह दावा भी किया कि ईडी की कार्रवाई के पीछे राजनीतिक मकसद पहले ही सबके सामने आ चुका है।

रियास ने ईडी के दावों को “एक अच्छी पटकथा” भी बताया और कहा कि उन्हें भरोसा है कि इससे कुछ भी सामने नहीं आएगा।

उन्होंने कहा, “किसी भी तरह की जांच का हम पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इसलिए हम डरे हुए नहीं हैं।”

ईडी के अनुसार डीजीपी से प्राथमिकी दर्ज करने का यह अनुरोध जांच और धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई छापेमारी के दौरान जुटाए गए “सबूतों” के आधार पर किया गया है।

ईडी ने आरोप लगाया है कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) ने “आईटी परामर्श सेवाओं” के नाम पर वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 2.78 करोड़ रुपये का कथित फर्जी भुगतान किया। एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस अब बंद हो चुकी है।

केंद्रीय एजेंसी ने जून में तिरुवनंतपुरम में किराए के मकान में विजयन के साथ रह रहीं वीणा से जुड़े परिसरों की तलाशी ली थी और बाद में उनसे पूछताछ भी की थी।

भाषा जोहेब प्रशांत

प्रशांत