ओडिशा में ठंड का प्रकोप, साढ़े तीन डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ फुलबनी सबसे ठंडा स्थान

Ads

ओडिशा में ठंड का प्रकोप, साढ़े तीन डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ फुलबनी सबसे ठंडा स्थान

  •  
  • Publish Date - December 22, 2021 / 06:44 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:03 PM IST

भुवनेश्वर, 22 दिसंबर (भाषा) ओडिशा में बुधवार को शीतलहर के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा और 17 स्थानों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। कंधमाल जिला मुख्यालय फुलबनी में पारा साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया जो राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान था।

इसके अलावा दरिंगबाड़ी में तापमान साढ़े चार डिग्री सेल्सियस रहा। बुलेटिन में बताया गया कि कोरापुट जिले के सेमिलीगुड़ा में तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रहा। झारसुगुड़ा में तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस कम, छह डिग्री दर्ज किया गया।

राज्य के कालाहांडी जिले के भवानीपंता समेत आठ जगहों पर तापमान सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि अंगुल, क्योंझर, सोनेपुर, तीतिलागढ़, सुंदरगढ़ और गोपालपुर समेत 12 मौसम स्टेशनों पर शीतलहर की स्थिति कायम है।

भुवनेश्वर में तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम, 10.1 डिग्री दर्ज किया गया और कटक में सामान्य से 3.4 डिग्री कम, 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई जिलों में अगले दो दिन तक शीतलहर की स्थिति बरकरार रहने का अंदेशा जताया है।

भाषा यश माधव

माधव