बहराइच में बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह से मुठभेड़ के बाद पांच बदमाश गिरफ्तार

Ads

बहराइच में बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह से मुठभेड़ के बाद पांच बदमाश गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 09:27 AM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 09:27 AM IST

बहराइच (उप्र), आठ अगस्त (भाषा) बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र में बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह के पांच बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि तार चोर गिरोह चोरी का माल ठिकाने लगाने और बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए हाड़ा बसेड़ी के पास सरयू नहर की पटरी पर इकट्ठा हुआ है।

उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर नानपारा पुलिस और विशेष अभियान दल (एसओजी) की टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी गोलीबारी में बाराबंकी के माती थाना क्षेत्र निवासी कदीर के बाएं पैर में गोली लग गई।

श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने कार में सवार उसके चार साथियों को भी पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि घायल कदीर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच में पता चला है कि उसके खिलाफ हत्या समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान सीतापुर के रेउसा थाना क्षेत्र निवासी कृष्ण कुमार, कुलदीप गुप्ता, हरेन्द्र गुप्ता और उदयराज चौहान के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा, चोरी में इस्तेमाल की गई मारुति ईको कार, कटे हुए बिजली के तारों के कई बंडल और तार काटने के उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह का एक सदस्य मौके से फरार हो गया जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगाई गई हैं।

उन्होंने बताया कि नानपारा क्षेत्र में लगातार तार चोरी की घटनाओं के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

शुक्रवार रात भी चोरों ने बिजली के तार काटे थे, जिसके संबंध में नानपारा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

भाषा सं आनन्द

सिम्मी खारी

खारी