गुरुग्राम में जन्मदिन की पार्टी में कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म: पुलिस

गुरुग्राम में जन्मदिन की पार्टी में कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म: पुलिस

गुरुग्राम में जन्मदिन की पार्टी में कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म: पुलिस
Modified Date: March 17, 2026 / 11:07 pm IST
Published Date: March 17, 2026 11:07 pm IST

गुरुग्राम, 17 मार्च (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर-33 में एक ‘हाउस पार्टी’ के दौरान 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म किए जाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी दिव्यम (29) को सोमवार को शहर की अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा पीड़िता मूलरूप से पश्चिम बंगाल की निवासी है और शनिवार को अपनी दोस्त के फ्लैट में जन्मदिन की पार्टी में आई थी, जहां शराब का सेवन किया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पीड़िता की सहेली के जरिए पार्टी में शामिल हुआ था।

आरोप है कि देर रात, आरोपी ने शराब के नशे में छात्रा से कथित तौर पर छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद, पार्टी के दौरान आरोपी पीड़िता के नशे की हालत में होने का फायदा उठाकर उसे अपार्टमेंट के एक सुनसान इलाके में ले गया और उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने विरोध किया और शोर मचाया। उसने अपनी सहेली को भी सचेत किया और बाद में आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़िता ने अगले दिन पुलिस से संपर्क किया। सदर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (1) के तहत दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज किया गया है और पीड़िता की चिकित्सा जांच कराई गई।

उसने बताया कि न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान भी दर्ज किया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “रोहिणी निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह एक मित्र के निमंत्रण पर पार्टी में आया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने शराब के नशे में अपराध किया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।”

भाषा

राखी खारी

खारी


लेखक के बारे में