हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच हास्य कलाकार कुणाल कामरा ने कार्यक्रम रद्द किए

हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच हास्य कलाकार कुणाल कामरा ने कार्यक्रम रद्द किए

हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच हास्य कलाकार कुणाल कामरा ने कार्यक्रम रद्द किए
Modified Date: August 3, 2026 / 10:55 am IST
Published Date: August 3, 2026 10:55 am IST

बेंगलुरु, तीन अगस्त (भाषा) हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के बाद हास्य कलाकार कुणाल कामरा ने यहां ‘व्हाइटफील्ड’ में प्रस्तावित अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, कामरा रविवार को खुद व्हाइटफील्ड थाने पहुंचे और अधिकारियों को सूचित किया कि वह अपने प्रस्तावित कार्यक्रमों को आयोजित नहीं करेंगे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘वह (कामरा) थाने आए थे और उन्होंने जानकारी दी कि हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण व्हाइटफील्ड में प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द करने का फैसला किया है।’’

यह घटनाक्रम ‘हिंदू राष्ट्र समन्वय समिति’ द्वारा हाल में बेंगलुरु पुलिस को एक ज्ञापन सौंपकर यूआरयू व्हाइटफील्ड में तीन अगस्त के लिए निर्धारित कामरा के कार्यक्रम को रद्द किए जाने की मांग के बाद सामने आया है। समिति ने कानून-व्यवस्था और धार्मिक सौहार्द के बिगड़ने का अंदेशा जताया था।

समिति ने यह दावा भी किया था कि कामरा ने हिंदू देवी-देवताओं का अनादर किया है।

वहीं, कामरा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि सोमवार, मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार के कार्यक्रम को अब कोरामंगला स्थित एक अन्य स्थल पर आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी सूचित किया कि ‘बुकमायशो’ मंच ‘व्हाइटफील्ड’ कार्यक्रम के लिए खरीदे गए टिकटों का भुगतान वापस करेगा। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से कोरामंगला वाले स्थान के लिए कार्यक्रम की टिकट लेने का अनुरोध किया, जहां बैठने की सीमित क्षमता है।

भाषा खारी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में