कॉजपा के विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशन बंद होने से यात्री परेशान
कॉजपा के विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशन बंद होने से यात्री परेशान
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) दिल्ली में बुधवार को कॉजपा के विरोध प्रदर्शन के बीच सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) द्वारा 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने की वजह से सुबह के व्यस्त समय में हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कार्यालयों को जाने वाले कई यात्रियों को बीच रास्ते में अपना मार्ग बदलना पड़ा, कुछ को अपरिचित स्टेशनों पर उतरना पड़ा और वैकल्पिक परिवहन के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
डीएमआरसी ने बुधवार सुबह लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, उच्चतम न्यायालय, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
डीएमआरसी का यह कदम जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के जारी विरोध प्रदर्शन के बीच उठाया गया है।
इससे पहले सोमवार को भी इसी तरह मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई थीं।
यात्रियों ने बताया कि कई मार्गों पर मेट्रो सेवाएं जारी थीं, लेकिन ट्रेनें बंद किए गए स्टेशनों पर नहीं रुक रही थीं। इसके कारण यात्रियों के पास आगे जाने और फिर सड़क मार्ग से वापस लौटने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।
केंद्रीय सचिवालय से होकर यात्रा कर रही वृंदा नामक एक यात्री ने बताया कि प्रदर्शनकारी स्टेशन परिसर के पास जमा हो गए थे, जिससे यात्रियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शनकारी जमा हो गए थे। उनमें से कई लोग निकास द्वार के पास एकत्र होकर ‘वंदे मातरम’ के नारे लगा रहे थे। वहां भारी अनिश्चितता का माहौल था और लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि वे स्टेशन से बाहर निकल पाएंगे या नहीं।’’
येलो लाइन पर यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री ने बताया कि ट्रेन में की जा रही घोषणाओं के जरिये यात्रियों को सूचित किया जा रहा था कि दिल्ली गेट से खान मार्केट के बीच के स्टेशनों पर उतरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें दिल्ली गेट से लेकर खान मार्केट के बीच किसी भी मेट्रो स्टेशन पर उतरने नहीं दिया गया। बिना किसी पूर्व सूचना के लोग यहां फंसे हुए हैं। पूरी तरह अफरा-तफरी का माहौल है।’’
कई यात्रियों ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि उनके गंतव्य स्टेशन बंद कर दिए गए हैं तो वे वैकल्पिक मार्ग तलाशने में जुट गए, जिससे उन्हें दफ्तर, कॉलेज पहुंचने और अन्य जरूरी कामों के लिए देरी हुई।
चालू स्टेशनों के बाहर कई लोग ‘नेविगेशन ऐप’ देखते नजर आए, जबकि कुछ अपने परिवार के सदस्यों को फोन कर रहे थे। कई लोग कैब बुक करते दिखे, वहीं बस स्टॉप और ऑटो-रिक्शा स्टैंड पर लोगों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा उपायों के तहत 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने से दफ्तर जाने के व्यस्त समय में मध्य दिल्ली में यात्रियों की आवाजाही बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई।
रिपोर्ट के अनुसार, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की सुविधा उपलब्ध है।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


