कोटा के अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद छह महिलाओं की हालत बिगड़ी, एक की मौत
कोटा के अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद छह महिलाओं की हालत बिगड़ी, एक की मौत
कोटा, छह मई (भाषा) कोटा के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद जटिलताओं के कारण एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत बिगड़ गई। यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी।
अधीक्षक डॉ. नीलेश जैन ने बताया कि निम्न रक्तचाप, प्लेटलेट की संख्या में कमी और मूत्र अवरोध जैसी जटिलताओं के बाद, गंभीर रूप से बीमार पांच महिलाओं को नेफ्रोलॉजी वार्ड में स्थानांतरित किया गया, जबकि नवजात शिशुओं को एनएमसीएच वार्ड में ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि उनके उपचार और निगरानी के लिए डॉ. विकास खंडेलिया के नेतृत्व में पांच सदस्यीय एक चिकित्सा दल का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल अधिकारियों ने ‘कुछ गड़बड़ी होना’ स्वीकार किया है, इसलिए उनकी हालत बिगड़ने के कारणों की जांच के लिए डॉ. सुरेश दुलारा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय एक अन्य दल का गठन किया गया है।
जैन ने बताया कि सोमवार शाम को कम से कम 12-13 गर्भवती महिलाओं का सिजेरियन से प्रसव हुआ, जिनमें से छह की हालत ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद बिगड़ गई।
उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान छह महिलाओं में से एक की मंगलवार को मौत हो गई और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए एक समिति का गठन किया गया है।
जैन ने कहा कि बारह महिलाओं में से केवल छह में ही जटिलताएं उत्पन्न होने का कोई विशेष कारण जरूर होगा। उन्होंने कहा, ‘सभी पांच महिलाओं की हालत स्थिर है, लेकिन 72-96 घंटे बीतने तक वे खतरे से बाहर नहीं होंगी।’
स्थानीय विधायक संदीप शर्मा ने अस्पताल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बारह महिलाओं में से केवल छह में ही प्रसव के बाद जटिलताएं उत्पन्न होने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश

Facebook


