नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सड़कों पर आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या को ‘चिंताजनक’ बताते हुए सोमवार को नगर निगम को इस संबंध में रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया और कहा कि इस मुद्दे पर ‘तत्काल कार्रवाई’ की आवश्यकता है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हरीश खुराना ने विशेष उल्लेख के दौरान अपने विधानसभा क्षेत्र मोती नगर में आवारा मवेशियों की समस्या का मुद्दा उठाया, जिसके बाद अध्यक्ष ने यह निर्देश दिया।
गुप्ता ने कहा, ‘‘सड़कों पर स्थिति चिंताजनक है। सदन के कई सदस्यों ने यह मुद्दा उठाया है। हम जानना चाहते हैं कि इस संबंध में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने क्या कदम उठाए हैं। इसपर तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।’’
विधानसभा अध्यक्ष ने मामले को दिल्ली विधानसभा की एमसीडी समिति के पास भेज दिया और नगर निगम से इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा दोनों के विधायकों ने अवैध डेरियों को लेकर चिंता जताई।
भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा, ‘‘अवैध डेरी संचालक इन गायों का दूध निकालते हैं और फिर उन्हें सड़कों पर छोड़ देते हैं। इससे बहुत गंभीर समस्या पैदा हो रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है और समस्या की जड़ तक पहुंचने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया जाना चाहिए।’’
भाजपा के एक अन्य विधायक सूर्य प्रकाश खत्री ने कहा कि सड़कों पर आवारा मवेशियों के हमले में कई लोगों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
खत्री ने कहा, ‘‘ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिनमें आवारा मवेशियों के हमले के कारण कुछ लोगों की मौत भी हुई है। शहर में अधिक ‘गौशालाएं’ होनी चाहिए या इन आवारा मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए अधिक निर्धारित स्थान बनाए जाने चाहिए।’’
दिल्ली विधानसभा की एमसीडी समिति की अध्यक्षता भाजपा विधायक ओपी शर्मा करते हैं। यह समिति सदन में उठाए जाने वाले नागरिक मुद्दों की निगरानी करती है।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश