कांग्रेस ने त्रिपुरा में भाजपा पर भय का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया, निर्वाचन आयोग से शिकायत की
कांग्रेस ने त्रिपुरा में भाजपा पर भय का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया, निर्वाचन आयोग से शिकायत की
नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से एक दिन पहले बुधवार को निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि प्रदेश के मतदाताओं में ‘‘भय का माहौल’’ दूर करने के लिए समय रहते कदम उठाया जाए।
पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से शिकायत की। इस प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा, प्रणव झा और कुछ अन्य नेता शामिल थे।
वासनिक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘त्रिपुरा में 16 फरवरी को मतदान होगा। इससे पहले वहां अराजकता और असुरक्षा का महाौल है। मतदाताओं और कांग्रेस प्रत्याशियों को हिंसा का सामना करना पड़ा…हमारे प्रदेश प्रभारी अजय कुमार के खिलाफ भी हिंसा की गई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने निर्वाचन आयोग से वहां की स्थिति के बारे में शिकायत की है।’’
खेड़ा ने कहा, ‘‘हमने मांग की है कि आयोग को समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए। मतदाताओं के बीच भय के माहौल को दूर करने के लिए आयोग को कदम उठाना चाहिए।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी स्थिति के लिए भाजपा जिम्मेदार है।
खेड़ा ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने आश्वासन दिया है कि ऐसी घटनाओं की आगे पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी।
त्रिपुरा की सभी 60 विधानसभा सीट के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा।
भाषा हक
हक नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


