कांग्रेस ने असम से सौतेला रवैया अपनाया, भाजपा ने इसका विकास सुनिश्चित किया: फडणवीस
कांग्रेस ने असम से सौतेला रवैया अपनाया, भाजपा ने इसका विकास सुनिश्चित किया: फडणवीस
जोरहाट (असम), 31 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार ने न केवल राज्य का विकास सुनिश्चित किया है बल्कि उसकी पहचान, संस्कृति और परंपरा की भी रक्षा की है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने असम और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रति “सौतेला रवैया” अपनाया, इसी कारण यह क्षेत्र लंबे समय तक विकास से वंचित रहा।
जोरहाट से भाजपा के उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए फडणवीस ने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान असम में घुसपैठ चरम पर थी।
उन्होंने कहा, “लोगों को इसके खिलाफ आंदोलन करना पड़ा और कई लोग शहीद हुए, लेकिन घुसपैठ नहीं रुकी और राज्य अशांति की आग में झुलसता रहा। स्थिति ऐसी हो गई थी कि जनसांख्यिकीय बदलाव का खतरा पैदा हो गया।”
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद हालात बदले हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा, “घुसपैठ पर रोक लगी है और राज्य के लगभग सभी उग्रवादी समूह मुख्यधारा में लौट रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में रहती, तो राज्य की जनसांख्यिकी बदल जाती और असम का इतिहास भी बदल सकता था।
फडणवीस ने कहा, “मोदी सरकार केवल विकास ही नहीं करती, बल्कि राज्य की पहचान, संस्कृति, इतिहास और परंपरा की भी रक्षा करती है।”
उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का विकास किया है।
जागीरोड में टाटा समूह की सेमीकंडक्टर इकाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “यह मोदी जी की असम को दी गई सौगात है, जो राज्य को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करेगी।”
उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर निर्माण की क्षमता रखने वाले देश भविष्य में वैश्विक नेतृत्व करेंगे और भारत अब ऐसे चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने आरोप लगाया कि उसने हमेशा पूर्वोत्तर के प्रति ‘‘सौतेला रवैया’’ अपनाया, इसी वजह से यह क्षेत्र अशांति से जूझता रहा।
उन्होंने पश्चिम एशिया संकट के दौरान कांग्रेस के “राष्ट्र-विरोधी रुख” की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि वह एलपीजी व ईंधन की उपलब्धता को लेकर लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, “हम भी विपक्ष में रहे हैं, लेकिन हमने कभी इस तरह का शर्मनाक आचरण नहीं किया।”
जोरहाट से कांग्रेस उम्मीदवार गौरव गोगोई पर कटाक्ष करते हुए फडणवीस ने कहा, “जो लोग लोकसभा में हैं, उन्हें वहीं रहना चाहिए। भाजपा फिर सत्ता में आएगी और उनके लिए यहां कोई भूमिका नहीं बचेगी।”
गोगोई लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता भी हैं।
भाषा खारी नरेश
नरेश

Facebook


