कांग्रेस ने असम में 30 लाख बीघा वन भूमि पर अतिक्रमण की अनुमति दी : हिमंत

कांग्रेस ने असम में 30 लाख बीघा वन भूमि पर अतिक्रमण की अनुमति दी : हिमंत

कांग्रेस ने असम में 30 लाख बीघा वन भूमि पर अतिक्रमण की अनुमति दी : हिमंत
Modified Date: February 19, 2026 / 05:05 pm IST
Published Date: February 19, 2026 5:05 pm IST

गुवाहाटी, 19 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राज्य में अपने शासनकाल के दौरान 30 लाख बीघा वन भूमि पर अतिक्रमण की अनुमति दी थी।

उन्होंने कहा कि 1.5 लाख बीघा अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराया गया है।

निवर्तमान विधानसभा सत्र में अपना अंतिम भाषण देते हुए शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने राज्य के परिवर्तनकारी सफर को आगे बढ़ाने के लिए ‘‘कांग्रेस की कई विरासत’’ के खिलाफ लड़ाई लड़ी है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने 30 लाख बीघा (लगभग 10 लाख एकड़) वन भूमि अतिक्रमित करने की छूट दे दी थी। हमने 1.5 लाख बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाने का कार्य पूरा कर लिया है।’’

शर्मा ने कहा कि बेदखली अभियान के दौरान आदिवासी परिवारों का एक भी घर नहीं तोड़ा गया, और उन्हें भूमि पट्टे पर दी गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम कांग्रेस की विरासत से लड़ रहे हैं। हम कई मोर्चों पर उनकी विरासत से लड़ रहे हैं जिनमें, बाल विवाह, बहुविवाह, भ्रष्टाचार और भी बहुत कुछ शामिल है… आज असम भारतीय अर्थव्यवस्था का एक चमकता सितारा है।’’

असम में विधानसभा चुनाव अगले कुछ महीनों में होने की संभावना है।

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में