कांग्रेस और भाजपा ने सीएमआरएल की अपील खारिज करने के न्यायालय के फैसले का स्वागत किया

Ads

कांग्रेस और भाजपा ने सीएमआरएल की अपील खारिज करने के न्यायालय के फैसले का स्वागत किया

  •  
  • Publish Date - June 6, 2026 / 12:49 PM IST,
    Updated On - June 6, 2026 / 12:49 PM IST

कोच्चि/कोट्टायम, छह जून (भाषा) कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केरल उच्च न्यायालय के उस फैसले का स्वागत किया है जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी के साथ सीएमआरएल के वित्तीय लेन-देन की ईडी जांच के खिलाफ दाखिल सीएमआरएल की अपील को खारिज कर दिया गया।

कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझालनाडन और भाजपा नेता शोन जॉर्ज ने शुक्रवार को इस मामले से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग की।

जॉर्ज की शिकायत पर ही गंभीर कपट अन्वेषण कार्यालय (एसएफआईओ) ने कंपनी के वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू की थी। इसके बाद ईडी ने वीणा और सीएमआरएल के वित्तीय लेनदेन को लेकर धन शोधन की जांच शुरू की।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि वीणा की कंपनी को दी गई राशि पूर्व मुख्यमंत्री के लिए ‘रिश्वत’ थी।

कुझालनाडन ने ही विधानसभा के अंदर और बाहर यह मुद्दा उठाया कि वीणा की अब बंद हो चुकी कंपनी एक्सालॉजिक को कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से कथित रूप से बिना किसी सेवा के भुगतान प्राप्त हुआ।

कुझालनाडन ने कहा कि वह उच्च न्यायालय के फैसले से खुश हैं और यदि भ्रष्टाचार के पहलू की जांच की जाए तो यह पूर्व मुख्यमंत्री विजयन तक पहुंचेगा। इस मामले पर विजयन ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

केरल उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने शुक्रवार को सीएमआरएल की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें एकल न्यायाधीश के उस फैसले को चुनौती दी गई थी जिसमें ईडी को खनन कंपनी के वीणा के साथ वित्तीय लेन-देन की धनशोधन जांच जारी रखने की अनुमति दी गई थी।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना