नयी दिल्ली, 14 नवंबर (भाषा) कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को मुकुल वासनिक, मोहन प्रकाश, पृथ्वीराज चव्हाण, बीके हरिप्रसाद समेत 42 नेताओं को क्षेत्रीय पर्यवेक्षक और लोकसभा क्षेत्रवार पर्यवेक्षक नियुक्त किया।
पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, वासनिक को गुजरात के दक्षिणी जोन, मोहन प्रकाश को सौराष्ट्र क्षेत्र, चव्हाण को मध्य जोन, हरिप्रसाद को उत्तर जोन का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
राजस्थान सरकार के कुछ मंत्रियों एवं विधायकों समेत 32 नेताओं को गुजरात के 26 लोकसभा क्षेत्रों के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान, कांतिलाल भूरिया, राजेश लिलोठिया और कुछ अन्य नेताओं को भी अन्य पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गुजरात की कुल 182 विधानसभा सीटों में से पहले चरण में 89 सीटों पर एक दिसंबर को चुनाव होगा तथा शेष 93 सीटों पर पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। आठ दिसंबर को मतगणना होगी।
भाषा हक मनीषा
मनीषा