नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को अपने महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और राज्य इकाइयों के अध्यक्षों की बैठक बुलाई है, जिसमें संगठनात्मक स्थिति, संगठन से जुड़े कार्यों की समीक्षा और वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा की जाएगी।
हालिया विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस महासचिवों एवं प्रभारियों की संयुक्त रूप से यह बैठक पहली बार हो रही है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए कल 11 जून 2026 को ‘इंदिरा भवन’ (कांग्रेस मुख्यालय) में कांग्रेस महासचिवों, प्रभारियों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी।’’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में संगठन के कार्यों और ‘संगठन सृजन’ अभियान की समीक्षा के साथ ही आगे के कार्यक्रमों एवं रणनीति पर चर्चा की जा सकती है।
भाषा हक
हक सुरेश
सुरेश