बदायूं में कंटेनर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत

Ads

बदायूं में कंटेनर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 12:51 AM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 12:51 AM IST

बदायूं, 22 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में मंगलवार रात तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा कुंवरगांव थाना क्षेत्र के बदायूं-आंवला मार्ग पर बदल गांव के निकट हुआ। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन को कुंवरगांव थाने में खड़ा कर फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि बादल गांव निवासी छविराम (32) अपने दोस्त ललेई गांव निवासी ब्रजभान (30) को उसके गांव छोड़ने जा रहा था। दोनों मोटरसाइकिल से बदायूं-आंवला मार्ग पर जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि बादल गांव के पास सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

भाषा

सं, राजेंद्र रवि कांत