जोधपुर एम्स में पीजी छात्र मृत मिला, पुलिस को आत्महत्या का संदेह

Ads

जोधपुर एम्स में पीजी छात्र मृत मिला, पुलिस को आत्महत्या का संदेह

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 12:32 AM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 12:32 AM IST

जोधपुर, 22 सितंबर (भाषा) जोधपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में स्नातकोत्तर (पीजी) प्रथम वर्ष का एक छात्र मंगलवार को अस्पताल के शौचालय में मृत मिला। पुलिस को प्रथमदृष्टया आत्महत्या का संदेह है।

मृतक की पहचान एनेस्थीसिया विभाग के रेजिडेंट डॉक्टर राज नीलेश यादव (31) के रूप में हुई है।

बासनी थाना प्रभारी नितिन दवे ने कहा, ‘‘वह मंगलवार को ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में ड्यूटी पर थे। दोपहर करीब एक बजे वह अपने विश्राम कक्ष में गए, लेकिन इसके बाद ड्यूटी पर नहीं लौटे।’’

सहकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की और उन्हें फोन किया। शौचालय से फोन की घंटी सुनाई देने पर उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो यादव फर्श पर अचेत अवस्था में पड़े मिले।

दवे ने बताया कि उन्हें तत्काल आपातकालीन विभाग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा कि शौचालय में यादव के पास से कुछ सिरिंज मिली हैं और पुलिस को संदेह है कि उन्होंने आत्महत्या की है।

थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मौके से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

भाषा खारी वैभव

वैभव