कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी नेताओं से की चर्चा

कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी नेताओं से की चर्चा

कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी नेताओं से की चर्चा
Modified Date: July 9, 2026 / 08:19 pm IST
Published Date: July 9, 2026 8:19 pm IST

देहरादून, नौ जुलाई (भाषा) कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल बृहस्पतिवार को देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तराखंड में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के नेताओं के साथ चर्चा की।

वेणुगोपाल ने राजनीतिक मामलों की समिति के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न मोर्चों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के साथ अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने समेत जनहित के अनेक विषयों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि वेणुगोपाल की अध्यक्षता में हुई राजनीतिक मामलों की समिति में 2027 की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया और पार्टी के लिए रणनीतिक रोडमैप तैयार किया गया।

बैठक में पार्टी मामलों की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पार्टी की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह मौजूद रहे।

इसके अलावा, अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन वेणुगोपाल ने पार्टी के अग्रिम संगठनों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों और जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ भी समीक्षा बैठक की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ने बैठकों के दौरान सभी नेताओं की बातें ध्यान से सुनीं और नेताओं को एकजुट रहने का मंत्र दिया।

गोदियाल ने बताया, ‘‘वेणुगोपाल ने कहा कि सब लोग एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करें और उन्हें जनता के सामने रखें। जब सब जनता के सामने मुद्दों को प्रखरता से रखेंगे तो जनता इस परिदृश्य को बदलेगी।’’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब पार्टी महासचिव (संगठन) ने यहां आकर सबसे बातचीत कर उन्हें समझाया है, और इससे समझा जा सकता है कि केंद्रीय स्तर पर पार्टी ने उत्तराखंड में होने वाले चुनावों को बहुत गंभीरता से लिया है।

इससे पहले, वेणुगोपाल मौसम खराब होने के कारण हवाई मार्ग की बजाय सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचे जहां प्रदेश पार्टी मुख्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद, वेणुगोपाल ने दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अपने दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार को नयी दिल्ली रवाना होने से पहले वेणुगोपाल, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से भी बातचीत करेंगे।

भाषा दीप्ति शफीक

शफीक


लेखक के बारे में