कांग्रेस ‘धर्मांतरण माफिया’ को संरक्षण दे रही: हैदराबाद स्कूल विवाद पर भाजपा

कांग्रेस ‘धर्मांतरण माफिया’ को संरक्षण दे रही: हैदराबाद स्कूल विवाद पर भाजपा

कांग्रेस ‘धर्मांतरण माफिया’ को संरक्षण दे रही: हैदराबाद स्कूल विवाद पर भाजपा
Modified Date: July 16, 2026 / 03:34 pm IST
Published Date: July 16, 2026 3:34 pm IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) भाजपा ने हैदराबाद के एक निजी स्कूल में कक्षा-2 के एक हिंदू छात्र को ‘होमवर्क’ के तौर पर कथित तौर पर इस्लामी आयत याद करने को कहे जाने से जुड़े विवाद को लेकर बृहस्पतिवार को तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।

इसने कांग्रेस पर राज्य में ‘‘धर्मांतरण माफिया’’ को संरक्षण देने का आरोप लगाया और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

संबंधित स्कूल में पढ़ने वाले छह वर्षीय एक छात्र के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को ‘होमवर्क’ के तौर पर इस्लामिक आयत याद करने के लिए कहा गया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि मामला सामने आने के बाद स्कूल ने भले ही शिक्षक को नौकरी से निकाल दिया है, लेकिन यह कार्रवाई पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक वीडियो में कहा, ‘‘बहुत कम और बहुत देर से। जिस स्कूल में हिंदू बच्चों से जबरदस्ती ‘कलमा’ पढ़वाया जा रहा था, उसने कई बहाने बनाने और इसे गलती बताने के बाद, आखिरकार संबंधित शिक्षक को नौकरी से निकाल दिया है।’’

पूनावाला ने कहा, ‘‘लेकिन इतना ही काफी नहीं है। रेवंत रेड्डी और (असदुद्दीन) ओवैसी के रहते हैदराबाद में ऐसा मामला क्यों हुआ?’’

उन्होंने स्कूल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं कांग्रेस तथा एआईएमआईएम द्वारा ऐसे तत्वों को संरक्षण दिए जाने का नतीजा हैं।

पूनावाला ने कहा, ‘‘अब सवाल यह है कि राज्य सरकार और पुलिस उस शिक्षक, स्कूल प्रशासन और खुद स्कूल के खिलाफ क्या कार्रवाई करेगी? और रेवंत रेड्डी, कांग्रेस तथा दूसरे लोग ऐसे लोगों को क्यों बढ़ावा देते हैं?’’

उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना ‘‘जबरन धर्मांतरण या जबरन कलमा परीक्षा’’ से कम नहीं है।

पूनावाला ने कहा, ‘‘यह जबरन धर्मांतरण या जबरन कलमा परीक्षा जैसा ही मामला है। हमने नासिक के टीसीएस मामले, कॉर्पोरेट जिहाद और अब इस शिक्षा जिहाद में ऐसा देखा है। कांग्रेस अपने ‘इकोसिस्टम’ के जरिए इसे होने दे रही है और बढ़ावा दे रही है। कांग्रेस और कांग्रेस सरकार को जवाब देना होगा।’’

भाजपा के एक और राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी इस विवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पार्टी की राजनीति ने ‘‘धर्मांतरण माफिया’’ को बढ़ावा दिया है।

भंडारी ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो में कहा, ‘‘कांग्रेस का अपना रुख यह है: कांग्रेस का मतलब मुसलमान और मुसलमानों का मतलब कांग्रेस। यह बिल्कुल साफ है कि कांग्रेस के इसी रुख से प्रेरित होकर, तेलंगाना में धर्म-परिवर्तन कराने वाला माफिया अब हिंदू छात्रों का धर्मांतरण करा रहा है और उन्हें एक निजी स्कूल में कलमा पढ़ने के लिए कह रहा है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच ‘‘मिलीभगत’’ है तथा कांग्रेस ‘‘हिंदू-विरोधी’’ है।

भंडारी ने कहा, ‘‘असदुद्दीन ओवैसी, जो धर्मनिरपेक्षता की बात करते हैं और हिजाब का समर्थन कर चुके हैं, पूरी तरह से चुप हैं। यह बिल्कुल साफ है कि राहुल गांधी की कांग्रेस और असदुद्दीन ओवैसी की मिलीभगत है, तथा वे हिंदू छात्रों को कलमा पढ़ने के लिए मजबूर करके उनका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहे हैं।’’

भाषा

नेत्रपाल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में