रांची/जमशेदपुर, एक सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) राज्य में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र आंदोलन से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (एमएमडीआर) का विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि एमएमडीआर कानून राज्य के हित में है।
साहू ने एक बयान में कहा, ‘‘कांग्रेस और झामुमो एमएमडीआर को लेकर राजनीतिक दिखावा कर रहे हैं और छात्र आंदोलन से ध्यान भटकाने के लिए जनता को गुमराह कर रहे हैं। एमएमडीआर कानून राज्य के हित में है।’’
उन्होंने कहा कि यह कानून अवैध खनन पर अंकुश लगाने में मदद करेगा।
साहू ने कहा कि सत्तारूढ़ दोनों दलों को यह भ्रम नहीं होना चाहिए कि एमएमडीआर के खिलाफ उनका विरोध छात्रों के मुद्दों को जनता की नजरों से दूर कर देगा।
साहू ने आरोप लगाया, ‘‘भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग पूरी होने तक छात्रों का विरोध जारी रहेगा। एमएमडीआर के खिलाफ कांग्रेस और झामुमो का प्रदर्शन खनिज संसाधनों की रक्षा के लिए नहीं, बल्कि भर्ती परीक्षा घोटालों के मुख्य साजिशकर्ताओं को बचाने के लिए है।’’
संसद ने अगस्त में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पारित किया था, जिसमें खनिज अधिकारों और खनिज वाली भूमि पर कर लगाने के राज्यों के अधिकारों को सीमित करने का प्रावधान है।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश