कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के घर में नकाबपोश लोगों ने चोरी की
कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के घर में नकाबपोश लोगों ने चोरी की
नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के पश्चिमी दिल्ली के टैगोर गार्डन स्थित घर में घुसकर तीन नकाबपोश लोगों ने नकदी और आभूषण चुरा लिए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
सोशल मीडिया पर प्रसारित इस घटना की कथित सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश लोगों को घर में घुसते और बाद में मोटरसाइकिल से फरार होते हुए देखा जा सकता है।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना राजौरी गार्डन थाना क्षेत्र के अंतर्गत टैगोर गार्डन के सी-ब्लॉक में हुई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस संदिग्धों का पता लगाने के लिए परिसर तथा आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा के अनुसार, रविवार तड़के तीन नकाबपोश लोग उनके पिता के घर में घुस गये और उनकी जमा-पूंजी तथा आभूषण चुराकर ले गए। उन्होंने बताया कि उनके 88 वर्षीय पिता सुरक्षित हैं।
लांबा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पिता के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में पूरी घटना के बारे में पता चला है। तीन नकाबपोश लोग घर में घुसते हैं और 10 मिनट में सब कुछ साफ करने के बाद एक ही बाइक से फरार हो जाते हैं।’’
लांबा ने राजधानी में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की और पुलिस से संदिग्धों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यदि पुलिस चाहे तो हर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच करके आसानी से अपराधियों तक पहुंच सकती है।
दिल्ली पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, चोरी के संबंध में सुबह 10:23 बजे पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी और सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम टैगोर गार्डन स्थित घर पहुंची।
बयान में कहा गया है, ‘‘जांच में पाया गया कि कुछ अज्ञात लोगों ने घर से आभूषण और नकदी चुरा ली थी। लगभग 1.75 लाख रुपये नकद, सोने की एक बाली, सोने की एक चेन और हीरे की एक अंगूठी चोरी कर ली गई।’’
बयान के अनुसार पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कंचन चड्ढा की शिकायत पर राजौरी गार्डन थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई।
भाषा
देवेंद्र अविनाश
अविनाश

Facebook


